Nepal Bus Accident
Nepal Bus Accident- पिथौरागढ़ जिले की सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, बैतडी से बजांग जा रही बारात की एक बस पुरचूंणी नगरपालिका-7 स्थित बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, इस दर्दनाक हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए, घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119 पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
Nepal Bus Accident- जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद 25 घायलों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को धनगढी रेफर किया गया है। बस चालक वीरेंद्र बुढा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Nepal Bus Accident- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक सवारियां थीं और चढ़ाई वाले रास्ते पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
