Birthday While Flying
Birthday While Flying- गुरुग्राम की रहने वाली 14 वर्षीय काव्या यादव ने इस बार अपना जन्मदिन खास अंदाज में मनाकर सबको चौंका दिया। रोमांच से भरपूर गतिविधियों की शौकीन काव्या ने अपने 14वें जन्मदिन पर एक नया कीर्तिमान बना डाला उसने आकाश में उड़ान भरने का सपना साकार किया। कक्षा 9वीं की छात्रा काव्या ने हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में पावर्ड पैराग्लाइडिंग कर अपने जन्मदिन को यादगार बना दिया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, सुशांत लोक, गुरुग्राम की छात्रा काव्या का यह साहसिक कदम सिर्फ रोमांच का हिस्सा नहीं था, बल्कि उसने यह दिखा दिया कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इस खास दिन पर उसके साथ उसके पिता नरेंद्र यादव भी मौजूद थे, जो स्वयं एक अनुभवी एडवेंचर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट हैं और वर्षों से हरिद्वार में एयरोस्पोर्ट्स को बढ़ावा दे रहे हैं।
नरेंद्र यादव ने न सिर्फ बेटी की उड़ान को समर्थन दिया, बल्कि खुद भी उसके साथ उड़ान भरकर इस मौके को और खास बना दिया। बारिश के कारण काव्या अपना जन्मदिन 4 जुलाई को नहीं मना सकी, इसलिए उसने कुछ दिन पहले ही अपने इस सपने को पूरा करने का निर्णय लिया।
Birthday While Flying- पैराग्लाइडिंग के दौरान काव्या के चेहरे पर झलकता आत्मविश्वास और मुस्कान इस बात का संकेत था कि यह अनुभव सिर्फ रोमांच का नहीं, बल्कि आत्मबल और हिम्मत का भी था। उसने यह साबित कर दिया कि बेटियां अब सिर्फ सपनों को नहीं देखतीं, उन्हें हकीकत में जीना भी जानती हैं।
यह भी पढ़ें…
