Uttarakhand Weather
Uttarakhand Weather- उत्तराखंड में मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है, मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 जून तक राज्य में मानसून के पहुंचने की संभावना है। मानसून का असर सबसे पहले कुमाऊं मंडल के जिलों में दिखाई देने की उम्मीद है, जबकि इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी दी कि मानसून वर्तमान में बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। ऐसे में उत्तराखंड तक इसे पहुंचने में अब दो से तीन दिन का समय लग सकता है। इस दौरान 18 से 24 जून के बीच प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।
हाल ही में राज्य के कई हिस्सों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों और दून घाटी में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून आने के बाद गढ़वाल मंडल, विशेष रूप से देहरादून और पौड़ी जिलों में अपेक्षाकृत ज्यादा वर्षा देखने को मिल सकती है।
Uttarakhand Weather- देहरादून में बारिश के दो दौर संभव
Uttarakhand Weather- देहरादून में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना बनी हुई है। बृहस्पतिवार को दिनभर में दो बार बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान घटकर 24 डिग्री हो सकता है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों के लिए।
यह भी पढ़ें…
