Jageshwar Dham
Jageshwar Dham- अल्मोड़ा ज़िले के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का रिश्तेदार बताते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों से अभद्र व्यवहार किया।
यह घटना आरतोला बैरियर के पास उस समय घटी जब युवक अपनी ताई, मां और बुआ के साथ कार से मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। धाम क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण के तहत वाहनों को आरतोला पार्किंग में रोकना अनिवार्य है, लेकिन जब पुलिसकर्मियों ने उसे नियम का पालन करने को कहा, तो युवक आगबबूला हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि एक जवान को सस्पेंड करवाने की धमकी भी दी। उसने दावा किया कि वह आईजी का भतीजा है और उच्च अधिकारियों से सीधे संपर्क में है।
हालात बिगड़ने के बावजूद पुलिस ने संयम बरता और युवक को शांत करने की कोशिश की। चौकी प्रभारी बी. जी. गोस्वामी ने जानकारी दी कि समझाने-बुझाने के बाद युवक को मौके से रवाना कर दिया गया और उसकी कार निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ी करवा दी गई।
Jageshwar Dham- क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि युवक की कार तेज़ गति से मंदिर की ओर बढ़ रही थी, जिसे सुरक्षा के मद्देनज़र रोका गया था। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए सभी से अनुरोध है कि नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें।
यह भी पढ़ें…
