Uttarakhand Congress SIR Committee- उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। राज्य कांग्रेस की एसआईआर समिति ने मुख्य निर्वाचन आयोग की पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम जानबूझकर काटने की बड़ी साजिश का आरोप लगाया है। कांग्रेस का दावा है कि एसआईआर अभियान के दौरान फर्जी फॉर्म-7 के जरिए लाखों गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के मतदाताओं को मतदान अधिकार से वंचित करने का प्रयास किया गया है।
कांग्रेस एसआईआर समिति के अनुसार, 26-27 जुलाई से ही प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की शिकायतें आनी शुरू हो गई थीं। 13 अगस्त तक यह आंकड़ा हजारों में पहुंच गया।
पार्टी का दावा है कि एक अकेले आपत्तिकर्ता ने करीब 6,500 फॉर्म-7 दाखिल किए, जबकि प्रदेश भर में सैकड़ों अन्य लोगों ने भी इसी तरह थोक के भाव आवेदन किए। आरोप है कि राज्य की 30 संवेदनशील विधानसभा सीटों पर गरीब, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और कम पढ़े-लिखे नागरिकों को निशाना बनाया गया।
कांग्रेस के विरोध और कानूनी हस्तक्षेप के बाद, दर्ज की गई 96,704 आपत्तियों में से केवल 7,523 नाम ही हटाए जा सके, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अधिकांश आपत्तियां फर्जी और आधारहीन थीं।
Uttarakhand Congress SIR Committee- बिना सुनवाई काटे नाम
Uttarakhand Congress SIR Committee- कांग्रेस ने यह भी खुलासा किया कि तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) के नाम पर करीब 24.30 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 97,186 मतदाता किन्हीं कारणों से नोटिस का समय पर जवाब नहीं दे सके।
आरोप है कि चुनावी सिस्टम से अपने आप फॉर्म-7 जेनरेट हो गए और बिना किसी व्यक्तिगत सुनवाई या पर्याप्त अवसर दिए हजारों वैध मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से गायब कर दिए गए।
पार्टी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जनवरी 2025 में उत्तराखंड में कुल 85,19,271 पंजीकृत मतदाता थे। वहीं, एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर को जारी अंतिम सूची में सामान्य और सर्विस मतदाताओं की कुल संख्या घटकर महज 72.50 लाख के करीब रह गई है।
कांग्रेस ने लगभग 13.89 लाख मतदाताओं की इस भारी कमी को असामान्य और संदेहास्पद बताते हुए पूरे एसआईआर अभियान की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Uttarakhand Congress SIR Committee- हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
Uttarakhand Congress SIR Committee- कांग्रेस एसआईआर समिति के अध्यक्ष एवं केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि पार्टी ने प्रक्रियात्मक खामियों और गड़बड़ियों को निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पात्र मतदाताओं को उनका लोकतांत्रिक अधिकार वापस नहीं मिला, तो कांग्रेस इस पूरे मामले को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक ले जाएगी।
यह भी पढ़ें…