Uttarakhand News- ऊर्जा बचत और खर्चों में कटौती को लेकर उत्तराखंड की धामी सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है, सरकारी विभागों में संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और अनावश्यक खर्चों पर लगाम लगाने के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL ने 23 सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, इन आदेशों के तहत बिजली विभाग के दफ्तरों में एसी के उपयोग को सीमित किया जाएगा, अधिकारियों और कर्मचारियों को कारपूलिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जबकि गैर-जरूरी यात्राओं पर भी रोक लगाई गई है।
नए आदेश के अनुसार सभी कार्यालयों और भवनों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना अनिवार्य होगा, अधिकारियों को एसी का न्यूनतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, साथ ही कार्यालयों में अनावश्यक बिजली खपत रोकने के लिए अतिरिक्त रोशनी और सजावटी लाइटिंग के इस्तेमाल पर कड़ा नियंत्रण रहेगा।
ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारियों एवं अधिकारियों को कारपूलिंग या कर्मचारी बस सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा साइकिल से कार्यालय आने-जाने को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यूपीसीएल ने बिना आवश्यकता होने वाली विदेशी और घरेलू यात्राओं पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। कार्यालयी खर्चों को कम करने के लिए वर्चुअल मीटिंग और हाइब्रिड गवर्नेंस प्रणाली को अनिवार्य रूप से अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे लंच ब्रेक के दौरान बाहर जाने के बजाय कार्यालय परिसर में ही भोजन करें, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत हो सके।
सरकारी खरीद में ‘मेक इन इंडिया’ नीति का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों तथा जीआई-टैग वस्तुओं को प्राथमिकता देने को कहा गया है। विभागीय कैंटीनों में खाद्य तेल की खपत की समीक्षा की जाएगी और कर्मचारियों के बीच कम तेल वाले स्वास्थ्यवर्धक भोजन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
Uttarakhand News- यूपीसीएल का मानना है कि इन उपायों से ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत, खर्चों में कमी और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी। विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें…