UCC Uttarakhand- उत्तराखंड में आज यूसीसी दिवस की धूम, “संकल्प पूरा हुआ”- सीएम

UCC Uttarakhand- देवभूमि उत्तराखंड में आज समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस मनाया जाएगा, इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता से यूसीसी लागू करने का जो वादा किया था, उसे अपने संकल्प के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड गंगा, यमुना, आदि कैलाश, केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की भूमि है। इसी पावन धरती से समानता, न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश पूरे देश को दिया गया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।

उन्होंने बताया कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 44 में निहित भावना के अनुरूप समान नागरिक संहिता को लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। 27 जनवरी को राज्य में यूसीसी लागू होने का एक वर्ष पूर्ण हो रहा है, इसी उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में यूसीसी दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है।

UCC Uttarakhand- इस अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, महिला सशक्तीकरण से जुड़े आयोजन तथा सामाजिक समानता और नागरिक सुरक्षा पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी सामाजिक न्याय, समानता और सभी नागरिकों की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी प्रभाव वाला कदम साबित हुआ है।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह यात्रा धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से राज्य की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा है। इस वर्ष यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठकें की जाएंगी।

UCC Uttarakhand- उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के अनुभवों, सुझावों और फीडबैक के आधार पर इस बार की तैयारियां और अधिक प्रभावी बनाई जाएंगी। सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन सहित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *