BKTC News- गैर हिंदुओं का बीकेटीसी मंदिरों में प्रवेश बैन !

BKTC News- बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इस संबंध में बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ धाम समेत मंदिर समिति के अंतर्गत आने वाले सभी मंदिरों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि केदारखंड से लेकर मानसखंड तक स्थापित मंदिर शृंखला में परंपरागत रूप से गैर हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहा है, लेकिन पूर्व की गैर भाजपा सरकारों के कार्यकाल में इन परंपराओं का उल्लंघन हुआ। अब मंदिरों की परंपराओं का विधिवत और सख्त अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

BKTC News- बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में अवैध मजारों को हटाने की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम उत्तराखंड की धार्मिक अस्मिता, सांस्कृतिक विरासत और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का लागू होना, कठोर नकल विरोधी कानून और अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की सिफारिश जैसे फैसलों से जनमानस का सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

BKTC News- बीकेटीसी अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और मंदिर समिति के बेहतर समन्वय से देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और परंपराओं की रक्षा को और अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके लिए मंदिर समिति आने वाले समय में और भी प्रभावी कदम उठाने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *