Dinesh Chandra Master Ji- ऋषिकेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है, लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनआंदोलनों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले दिनेश चंद्र ‘मास्टर जी’ ने आखिरकार उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का दामन थाम लिया है, उनके पार्टी में शामिल होने के साथ ही क्षेत्र की सियासी हलचल तेज हो गई है और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
स्वयंभू गंगा पुत्र और माँ नंदा देवी के खाडू के नाम से लोकप्रिय मास्टर जी ने पिछले मेयर चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर सभी को चौंका दिया था, सीमित संसाधनों के बावजूद उन्हें जनता का जबरदस्त समर्थन मिला था, जिसने उन्हें ऋषिकेश की राजनीति में एक मजबूत जननेता के रूप में स्थापित कर दिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मास्टर जी के यूकेडी में शामिल होने से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ताकत मिल सकती है। खासतौर पर युवाओं, स्थानीय मुद्दों और क्षेत्रीय अस्मिता की राजनीति में उनकी सक्रियता यूकेडी के लिए बड़ा लाभ साबित हो सकती है।

मास्टर जी लंबे समय से गंगा, पर्यावरण, स्थानीय अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर रहे हैं। यही वजह है कि आम लोगों के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। अब सवाल यह है कि क्या वह अपने इसी जनसमर्थन को 2027 विधानसभा चुनाव तक बनाए रख पाएंगे और यूकेडी को नई राजनीतिक दिशा दे पाएंगे।
Dinesh Chandra Master Ji- उनके यूकेडी में आने के बाद ऋषिकेश विधानसभा सीट पर मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि आने वाले समय में मास्टर जी क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा चेहरा बनकर उभर सकते हैं।