Cold Wave in Uttarakhand- उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के चलते शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में 6 जनवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विशेष रूप से 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है।
मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों के लिए भी चेतावनी जारी की है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा और पाला गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके कारण दिन के समय शीत दिवस जैसी ठंडी स्थिति बनी रह सकती है।
सोमवार का मौसम देखने पर पता चला कि मैदानी इलाकों में दिन के समय कोहरे से राहत मिली, लेकिन शीतलहरें लगातार रहने से ठंड बनी रही। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक, यानी 20.8 डिग्री सेल्सियस, रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय इलाकों में शीतलहरों के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली।
Cold Wave in Uttarakhand- मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और 11 जनवरी तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरा और पाले के कारण लोगों को ठंड के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।