Cloud Burst in Uttarakhand- उत्तराखंड में बादल फटा: चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी में तबाही

Cloud Burst in Uttarakhand- उत्तराखंड एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गया है। शुक्रवार तड़के राज्य के तीन ज़िलों चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी में बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई। घटनाओं में जहां कई मकान मलबे में दब गए, वहीं दो लोग लापता हैं, कई घायल हुए हैं और मवेशियों की मौत की खबरें भी सामने आई हैं।

चमोली: मलबे में दबी ज़िंदगियाँ

Cloud Burst in Uttarakhand- चमोली जिले के देवाल ब्लॉक स्थित मोपाटा गांव में तड़के बादल फटने की घटना सामने आई। तेज़ बारिश और पहाड़ से आए मलबे ने एक मकान को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस मकान में रह रहे तारा सिंह और उनकी पत्नी अब तक लापता हैं। वहीं विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हुए हैं और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

घटना के समय परिवार के 20 मवेशी भी गोशाला में थे, जो मलबे में दबकर मर गए। एसडीआरएफ, पुलिस, और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है। भारी मशीनरी से मलबा हटाया जा रहा है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

रुद्रप्रयाग: बड़ेथ डुंगर में कई परिवार मलबे में दबे

रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार तहसील के बड़ेथ डुंगर तोक में बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी। तेज़ बारिश के बाद अचानक आए मलबे से कई घर दब गए, और कई परिवारों के फंसे होने की आशंका है। जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात की समीक्षा की और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

टिहरी: भिलंगना ब्लॉक में कहर, लेकिन राहत

टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में भी बादल फटने की घटना हुई, जिससे भारी मात्रा में मलबा बहकर गांव की ओर आया। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन कई खेत और रास्ते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रशासन ने जल, विद्युत, स्वास्थ्य, पशुपालन और पीडब्ल्यूडी की टीमें मौके पर भेज दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी: 2 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट

Cloud Burst in Uttarakhand- भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई ज़िलों में 2 सितंबर तक भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। लोगों को नदी किनारे और ढलान वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Cloud Burst in Uttarakhand- मुख्यमंत्री की अपील और राहत प्रयास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा,

“प्राकृतिक आपदा के इस संकट में राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है। लोगों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।”

राज्य सरकार ने आपदा राहत कोष से सहायता जारी करने और प्रभावित परिवारों को अस्थायी शिविरों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *