Uttarakhand Jobs- उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग भर्तियों का विस्तृत परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है, आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में विभिन्न विभागों के 2390 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी, मई से दिसंबर 2026 तक कुल 14 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि अलग-अलग विभागों से प्राप्त भर्ती प्रस्तावों के आधार पर परीक्षा कैलेंडर तैयार किया गया है, इसमें तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार की भर्तियों को शामिल किया गया है, कैलेंडर जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह बढ़ गया है।
Uttarakhand Jobs- आयोग के अनुसार पेपर लीक प्रकरण के कारण पहले रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा, जो 17 मई को प्रस्तावित थी, अब 14 जून को आयोजित की जाएगी, वहीं विशेष तकनीकी अर्हता के 57 पदों के लिए तीन मई को प्रस्तावित परीक्षा अब 28 जून को कराई जाएगी।

यूकेएसएसएससी इस वर्ष नई इंटरमीडिएट स्तरीय और स्नातक स्तरीय भर्तियां भी निकालने जा रहा है, इससे हजारों बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। आयोग जल्द ही इन नई भर्तियों से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, पात्रता और आवेदन तिथियां भी जारी करेगा।
भर्ती कैलेंडर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने इसे राहत भरा कदम बताया है। पिछले कुछ वर्षों में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण युवाओं में नाराजगी देखी गई थी। ऐसे में आयोग अब पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं कराने पर जोर दे रहा है।
Uttarakhand Jobs- विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तय समय पर परीक्षाएं आयोजित होती हैं और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रहती है, तो इससे युवाओं का भरोसा फिर से मजबूत होगा। प्रतियोगी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर नियमित नजर बनाए रखें ताकि आवेदन और परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी से वंचित न रहें।