Vocal For Local- राष्ट्रहित में आगे आएं नागरिक, सीएम धामी का बड़ा संदेश

Vocal For Local- देश में आत्मनिर्भरता और संसाधनों के संरक्षण को लेकर चल रही मुहिम के बीच पुष्कर सिंह धामी ने नागरिकों से राष्ट्रहित में छोटे-छोटे संकल्प लेने की अपील की है, उन्होंने कहा कि ऊर्जा संसाधनों की बचत केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है और यही प्रयास देश को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बना सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, उन्होंने कहा कि यदि नागरिक अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे बदलाव करें तो इसका बड़ा सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालने, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा की बचत, एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से परहेज, खेती में रासायनिक उर्वरकों के बजाय प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल और खाद्य तेल का संयमित उपयोग जैसे कदम देशहित में महत्वपूर्ण योगदान साबित हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाएगा और स्वदेशी को बढ़ावा देगा।

Vocal For Local- पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *