Uniform Civil Code Uttarakhand
Uniform Civil Code Uttarakhand- उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की सेवाएं अब भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं के साथ-साथ अंग्रेज़ी में भी उपलब्ध हैं। राज्य में इस कदम का उद्देश्य यूसीसी के तहत पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं को अधिक सुलभ और जन-हितैषी बनाना है। इसके साथ ही आवेदक एआई की सहायता से भी यूसीसी की प्रक्रिया को समझने और पंजीकरण करने में सक्षम होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता लागू करने से पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि यूसीसी के तहत पंजीकरण प्रक्रिया बेहद सरल और यूजर फ्रेंडली हो। ताकि कोई भी व्यक्ति स्वयं ही अपनी सुविधा अनुसार पंजीकरण कर सके और नियमों की जानकारी ले सके।
Uniform Civil Code Uttarakhand- इस दिशा में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग (ITDA) ने यूसीसी की वेबसाइट को आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं- असमिया, बंगाली, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, कोंकणी, मलयालम, मराठी, नेपाली, उड़िया, पंजाबी, संस्कृत, तमिल, तेलुगु, उर्दू, सिंधी, बोडो, डोगरी, मैथिली, संथाली और मणिपुरी — के साथ तैयार किया है। इसके माध्यम से आवेदक अपनी भाषा के अनुसार यूसीसी के नियम, प्रक्रिया, पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज और अन्य जानकारियाँ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही वे अपनी भाषा में ही आवेदन भी कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “हमारी सरकार पहले दिन से ‘सरलीकरण से समाधान तक’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। समान नागरिक संहिता के क्रियान्वयन में विशेष ध्यान रखा गया कि जनसामान्य को पंजीकरण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। यूसीसी तकनीकी उत्कृटता का एक सफल उदाहरण बनकर उभरी है। यही कारण है कि बीते एक साल में इस प्रक्रिया को लेकर एक भी शिकायत नहीं आई।”
Uniform Civil Code Uttarakhand- इस कदम से उत्तराखंड में यूसीसी सेवाओं का दायरा व्यापक हुआ है और आम नागरिकों के लिए इसे सहज और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
