Uttarakhand Weather
Uttarakhand Weather- उत्तराखंड में आखिरकार मौसम का मिजाज बदल गया है, राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी है, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। वहीं पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही शुक्रवार से प्रदेश में मौसम परिवर्तन की संभावना जताई थी, जो अब साफ तौर पर नजर आने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज 23 जनवरी को देहरादून के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
Uttarakhand Weather- मौसम विभाग के अनुसार 2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं निचले और मैदानी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, खासकर पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज अस्थिर बना रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। बदले मौसम का असर जनजीवन के साथ-साथ यातायात और कृषि गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।
Uttarakhand Weather- प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
