Dushyant Kumar Gautam- अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े उर्मिला सनावर के वायरल ऑडियो-वीडियो में नाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने इस मामले को गंभीर बताते हुए केंद्रीय गृह सचिव को पत्र भेजा है। उन्होंने इसे आपराधिक साजिश करार देते हुए मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटाने और उसके प्रसार पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।
गृह सचिव को भेजे गए पत्र में दुष्यंत कुमार गौतम ने लिखा है कि वे देशभर में आमजन के बीच एक प्रतिष्ठित सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा साजिश के तहत एक फर्जी और मनगढ़ंत ऑडियो रिकॉर्डिंग तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।
Dushyant Kumar Gautam- दुष्यंत गौतम ने पत्र में आरोप लगाया कि इस झूठी और दुर्भावनापूर्ण सामग्री को जानबूझकर मीडिया और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाया जा रहा है, ताकि भ्रम और नफरत का माहौल बनाया जा सके। उन्होंने इसे न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा पर हमला बताया, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए भी खतरा करार दिया।
पत्र में उन्होंने उर्मिला सनावर सहित 28 फेसबुक आईडी, उनके ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर, इसके अलावा नौ इंस्टाग्राम हैंडल, आठ यूट्यूब चैनल और दो एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल का भी उल्लेख किया है, जिनके माध्यम से यह सामग्री प्रसारित की जा रही है।
दुष्यंत कुमार गौतम ने गृह सचिव से अनुरोध किया है कि संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार चैनलों को निर्देश दिए जाएं कि वे इस तरह की सभी आपत्तिजनक सामग्री को तत्काल हटाएं और भविष्य में इसके प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रसारण पर रोक लगाई जाए।
Dushyant Kumar Gautam- उन्होंने यह भी बताया कि इन सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स से डाउनलोड की गई सामग्री को सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव में संलग्न कर पत्र के साथ भेजा गया है, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।


Leave a Reply