Cold Wave- उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर सख्त रुख अपना लिया है। पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी घना कोहरा छाए रहने से शुक्रवार को शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में भीषण शीत दिवस की स्थिति रह सकती है। इन क्षेत्रों में दिनभर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं। खासतौर पर सुबह और देर रात के समय ठंड का असर अधिक रहेगा।
Cold Wave- वहीं पर्वतीय जिलों की बात करें तो उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। यहां कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। इससे प्रदेशभर में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान पर नजर डालें तो 27 से 29 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि ठंड का असर लगातार बना रहेगा।
नए साल से ठीक पहले मौसम एक बार फिर रंग बदल सकता है। 30 और 31 दिसंबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे नए साल का स्वागत ठंडी फुहारों और बर्फ की सफेद चादर के साथ हो सकता है। हालांकि मैदानी इलाकों में इन दिनों मौसम शुष्क ही रहने की संभावना जताई गई है।
Cold Wave- मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।