Rahul Gandhi in Uttarakhand
Rahul Gandhi in Uttarakhand- उत्तराखंड में आगामी चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे का कार्यक्रम तय कर दिया है, राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड में रहेंगे, जहां वे कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों में रैलियों और बैठकों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ चुनावी रणनीति को धार देंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद दोपहर दो बजे पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे, इस सम्मेलन में अग्निवीर योजना, पूर्व सैनिकों की समस्याएं और युवाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे, कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए सैन्य पृष्ठभूमि वाले उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों और युवाओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है।

करीब चार साल बाद राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा हो रहा है। इससे पहले वह दिसंबर 2021 में देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विजय दिवस समारोह में पहुंचे थे, लंबे अंतराल के बाद उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
5 जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, इस दौरान आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी फीडबैक पर विस्तार से चर्चा होगी।
Rahul Gandhi in Uttarakhand- कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा प्रदेश में संगठन को नई मजबूती देगा और कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने का काम करेगा, पार्टी ने दोनों मंडलों में कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी हैं और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
