Gaumukh Trekking- उत्तरकाशी जिले स्थित गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन और ट्रैकिंग गतिविधियों को आंशिक रूप से फिर से बहाल कर दिया है। वन विभाग ने गोमुख ट्रैक और गंगोत्री ग्लेशियर की ऊंची चोटियों पर पर्वतारोहण की अनुमति देना शुरू कर दिया है। हालांकि, सुरक्षात्मक दृष्टिकोण और भारी बर्फबारी के मद्देनजर तपोवन एवं केदारताल ट्रैक को सामान्य पर्यटकों व ट्रैकर्स के लिए फिलहाल प्रतिबंधित रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते माह के अंतिम सप्ताह में गोमुख, तपोवन, केदारताल और आसपास के उच्च हिमालयी इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी होने के कारण करीब 200 से अधिक पर्वतारोही और ट्रैकर्स फंस गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए शासन-प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर हेली-रेस्क्यू अभियान चलाया गया था और सभी लोगों को सुरक्षित नीचले इलाकों में लाया गया था। इस हादसे के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैकिंग व पर्वतारोहण गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।
Gaumukh Trekking- तपोवन व केदारताल ट्रैक पर अधिक बर्फ
Gaumukh Trekking- गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद बीते रविवार से गोमुख तक की ट्रैकिंग के लिए पर्यटकों को अनुमति पत्र जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तपोवन और केदारताल मार्गों पर अभी भी भारी मात्रा में बर्फ जमा है, जिससे वहां दुर्घटना का जोखिम बना हुआ है। इसलिए इन दोनों ट्रैकों को आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है।
इसके अतिरिक्त, उच्च हिमालयी चोटियों के पर्वतारोहण अभियानों के लिए अनुमति वन विभाग मुख्यालय द्वारा जारी की जाती है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों और पूर्वानुमानों को ध्यान में रखते हुए ही पर्वतारोहियों के दलों को आवश्यक दिशा-निर्देशों और सुरक्षा अलर्ट के साथ भेजा जा रहा है।
Gaumukh Trekking- नेलांग-जादूंग पर्यटकों के लिए खुले
Gaumukh Trekking- रेंज अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि उत्तरकाशी जिले के प्रसिद्ध ऐतिहासिक गड़तालगली और नेलांग-जादूंग घाटी पर्यटकों के भ्रमण के लिए पूरी तरह खुले हुए हैं। प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने वाले सभी साहसी पर्यटकों, गाइडों और पोर्टरों से मौसम के पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखने और स्थानीय प्रशासन व वन विभाग के सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें…