Chamba Arakot News
Chamba Arakot News- उत्तराखंड के चंबा–आराकोट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हवाई हादसा टल गया, बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलिकॉप्टर अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत नियंत्रण संभाला और पास के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई, हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे, जिन्हें बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण हेलिकॉप्टर असंतुलित होकर बिजली की तारों के बेहद करीब पहुंच गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज हवाओं को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। उन्होंने पायलट की सतर्कता को सराहते हुए कहा कि उसके समय पर लिए गए फैसले से एक बड़ा हादसा टल गया।
Chamba Arakot News- फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और हेलिकॉप्टर को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस संभावित हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
