Himanshu Danu
Himanshu Danu- भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने मुक्केबाजी अनुशासन में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में कपकोट क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव बघर निवासी होनहार मुक्केबाज हिमांशु दानू का चयन आयरलैंड में होने वाले विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए किया गया है।
हिमांशु देश के 20 चयनित मुक्केबाजों, दो कोच और एक सपोर्ट स्टाफ के साथ आयरलैंड के एडेंडरी बॉक्सिंग क्लब में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उनका यह अंतरराष्ट्रीय दौरा 27 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जहां वे विदेशी कोचों की देखरेख में आधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अभ्यास करेंगे।
Himanshu Danu- राष्ट्रीय शिविर में शानदार प्रदर्शन
हिमांशु दानू, पुत्र प्रकाश दानू, राष्ट्रीय स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से उन्हें रोहतक में आयोजित एक माह के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का अवसर मिला था। शिविर के दौरान उन्होंने अपने भारवर्ग में देशभर के दिग्गज मुक्केबाजों को पछाड़ते हुए लगातार जीत दर्ज की और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर हिमांशु ने भारतीय बॉक्सिंग टीम में मजबूत दावेदारी पेश की, जिसके बाद उनका चयन आयरलैंड दौरे के लिए किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय अनुभव से उनके खेल में तकनीकी और मानसिक रूप से और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिमांशु वर्तमान में कक्षा 11 के छात्र हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय बघर, हाईस्कूल सरस्वती शिशु मंदिर, बागेश्वर, तथा इंटरमीडिएट जीआईसी इंटर कॉलेज, बागेश्वर से प्राप्त की है। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले हिमांशु क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।
Himanshu Danu- कोचों का रहा अहम योगदान
Himanshu Danu- हिमांशु ने अपने मुक्केबाजी करियर की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय कोच सुंदर सिंह गढ़िया के मार्गदर्शन में की। इसके साथ ही कोच मुकेश बेलवाल और सिकंदर पटेल का प्रशिक्षण में विशेष योगदान रहा है। हिमांशु ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोचों और भारतीय खेल प्राधिकरण को दिया है।
हिमांशु के चयन पर बॉक्सिंग संघ, खेल प्रेमियों, गांव और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, जिला क्रीड़ा अधिकारी और खेल विभाग ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
