Panch Kedar Yatra 2026- उत्तराखंड में स्थित पंचकेदार यात्रा को लेकर इस वर्ष भक्तों के लिए बड़ा धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है, वैशाखी पर्व के अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थलों में पंचांग गणना के आधार पर भगवान तुंगनाथ धाम और मदमहेश्वर धाम के कपाट खोलने की तिथियां विधिवत घोषित कर दी गई हैं।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को मिथुन लग्न में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे, वहीं द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर धाम के कपाट 21 मई को कर्क लग्न में ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए खोले जाएंगे।
भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली 20 अप्रैल को मक्कूमठ से प्रस्थान करेगी और प्रथम रात्रि प्रवास के लिए भूतनाथ मंदिर पहुंचेगी, यहां नए अन्न का भोग अर्पित किया जाएगा और पारंपरिक पुणखी मेले का आयोजन होगा, इसके बाद 21 अप्रैल को डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए चोपता पहुंचेगी और 22 अप्रैल को चोपता से प्रस्थान कर तुंगनाथ धाम में विधिवत कपाट खुलेंगे।

Panch Kedar Yatra 2026- इसी तरह भगवान मदमहेश्वर धाम की उत्सव डोली की प्रक्रिया 17 मई से ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में शुरू होगी। 18 मई को डोली दर्शन होंगे और 19 मई को यह रांसी तक पहुंचेगी, आगे यह विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 21 मई को धाम पहुंचेगी, जहां कर्क लग्न में कपाट खोले जाएंगे।
वैशाखी पर्व के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने जौ की हरियाली और पुष्प अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
Panch Kedar Yatra 2026- वहीं चारधाम यात्रा की शुरुआत को लेकर भी तिथियां घोषित कर दी गई हैं। 19 अप्रैल को गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिससे इस वर्ष की चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा।