Gangotri National Park- देश के तीसरे सबसे बड़े और चीन सीमा से लगे गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट रविवार को शीतकाल के लिए आधिकारिक रूप से बंद कर दिए गए। अब पार्क क्षेत्र 1 अप्रैल 2026 से पर्यटकों के लिए पुनः खोला जाएगा।
पार्क प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष 29,162 पर्यटक गंगोत्री नेशनल पार्क पहुंचे, जिससे विभाग को ₹80.96 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। प्रशासन ने 85 लाख से अधिक आय का लक्ष्य रखा था, लेकिन धराली आपदा के कारण लगभग डेढ़ माह तक पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित रही, जिससे लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।
रविवार दोपहर एक बजे पार्क के उप निदेशक हरीश नेगी की मौजूदगी में वनकर्मियों ने गर्तांगली और कनखू बैरियर के गेटों को ताला लगाकर बंद किया।
हर वर्ष की तरह इस बार भी सर्दी बढ़ने के साथ पार्क के गेट 30 नवंबर को बंद किए जाते हैं।
पार्क प्रशासन ने शीतकाल में वन्यजीव गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख ट्रेक रूटों पर ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। गेट दोबारा खुलने पर इन कैमरों के माध्यम से सर्दी के दौरान वन्यजीवों के मूवमेंट की जानकारी मिलेगी।
Gangotri National Park- गौर करने वाली बात यह है कि गंगोत्री नेशनल पार्क हिम तेंदुए (Snow Leopard) का प्राकृतिक आवास है। पार्क क्षेत्र में हिम तेंदुओं की अनुमानित संख्या लगभग 35 बताई जाती है।