Dehradun Airport- उत्तराखंड के दून एयरपोर्ट से पहली बार नियमित रूप से रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है, एयर इंडिया एक्सप्रेस एक अप्रैल से समर शेड्यूल के तहत देहरादून और बंगलूरू के बीच नाइट फ्लाइट संचालित करेगी।
इस नई सेवा के तहत फ्लाइट शाम 5:25 बजे बंगलूरू से उड़ान भरकर लगभग तीन घंटे पांच मिनट में रात 8:30 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट देहरादून से रात 9 बजे उड़ान भरेगी और करीब 12:05 बजे बंगलूरू पहुंचेगी। एयरलाइन ने इस रूट का एकतरफा किराया करीब 9,198 रुपये तय किया है।
फिलहाल यह सेवा एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक के लिए निर्धारित की गई है। हालांकि, यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए इसे आगे नियमित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार पर्यटन और यात्रा सीजन को देखते हुए अन्य एयरलाइंस भी भविष्य में रात्रि उड़ानें शुरू कर सकती हैं।

Dehradun Airport- दून एयरपोर्ट के निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि एयरपोर्ट को 9 फरवरी 2012 को डीजीसीए से नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल चुकी थी। इसके बाद से सेना और निजी चार्टर्ड विमान रात में उड़ान भरते रहे हैं, लेकिन अब पहली बार किसी एयरलाइन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार नियमित नाइट फ्लाइट सेवा शुरू की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि मार्च के अंत से समर शेड्यूल लागू होगा, जिसमें उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। खासकर पर्यटन सीजन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा।
Dehradun Airport- इस पहल को उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार और कनेक्टिविटी के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य को आर्थिक रूप से भी फायदा मिलने की उम्मीद है।