Char Dham Yatra- चारधाम यात्रा से पहले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने वाहनों की जांच और अनुमति प्रक्रिया तेज कर दी है, इसी कड़ी में परिवहन विभाग ने जिले के सैकड़ों वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी कर यात्रा के लिए अधिकृत किया है।
प्रदीप बत्रा ने 31 मार्च को ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की शुरुआत की थी, जिसके बाद महज दस दिनों के भीतर ही बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 600 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
इन वाहनों को यात्रा मार्ग पर चलने से पहले तकनीकी मानकों पर पूरी तरह जांचा गया है, इसमें ब्रेक सिस्टम, लाइट, फिटनेस, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच शामिल है, केवल उन्हीं वाहनों को अनुमति दी गई है जो पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित संचालन के लिए उपयुक्त पाए गए हैं।
Char Dham Yatra- चार धाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी वाहन पूरी तरह फिट और मानकों के अनुरूप हों।

परिवहन विभाग के अनुसार यात्रा के लिए स्वीकृत वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और प्रदूषण नियंत्रण दस्तावेजों की भी अनिवार्य जांच की जा रही है। इसके साथ ही रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत तैयारी की जा रही है।
हरिद्वार क्षेत्र में तैनात एआरटीओ निखिल शर्मा ने बताया कि शुरुआती चरण में ही 600 छोटे-बड़े वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
Char Dham Yatra- उन्होंने कहा कि अतिरिक्त काउंटर और जांच टीमें भी तैनात की जा रही हैं ताकि सभी पात्र वाहनों को समय पर ग्रीन कार्ड मिल सके और यात्रा शुरू होने से पहले किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।