Abhay Singh Chardham Yatra- उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा इस बार केवल आस्था ही नहीं, बल्कि जुनून और साहस की मिसाल भी बनती नजर आ रही है, इसी कड़ी में बिहार के पटना निवासी 18 वर्षीय अभय सिंह ने एक अनोखी पहल करते हुए स्केटिंग के जरिए चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा शुरू कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभय सिंह ने करीब 24 दिन पहले पटना से अपनी इस आध्यात्मिक और साहसिक यात्रा की शुरुआत की थी। खास बात यह है कि वह प्रतिदिन लगभग 60 से 65 किलोमीटर की दूरी स्केटिंग के माध्यम से तय कर रहे हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। वर्तमान में वह श्रीनगर गढ़वाल पहुंच चुके हैं और पूरे उत्साह व आत्मविश्वास के साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं।
Abhay Singh Chardham Yatra- अभय इस पूरी यात्रा को अकेले ही पूरा कर रहे हैं, उनका कहना है कि अब तक उन्हें रास्ते में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और लोगों का सहयोग उन्हें लगातार प्रेरित करता रहा है, वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं, और उनके इस निर्णय को परिवार ने न सिर्फ स्वीकार किया बल्कि हर कदम पर उनका हौसला भी बढ़ाया।

आज के समय में जब युवाओं के सामने भटकाव और नशे जैसी चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे में अभय सिंह का यह प्रयास समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बनकर उभर रहा है। उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भी एक सशक्त मिसाल पेश करती है।
यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह अभय का गर्मजोशी से स्वागत किया, माल्यार्पण कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Abhay Singh Chardham Yatra- अभय सिंह की यह अनोखी स्केटिंग यात्रा आज साहस, संकल्प और भक्ति का अद्भुत संगम बन चुकी है, जो नई पीढ़ी को सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।