Assistant Professor Appointment- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 142 नए असिस्टेंट प्रोफेसरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने नव नियुक्त प्रोफेसरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कदम राज्य में चिकित्सा क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। सीएम ने सभी से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण देने के साथ उनमें संवेदनशीलता, सहानुभूति और सेवा भावना विकसित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण लगातार हो रहा है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख कार्ड वितरित किए गए हैं, जिससे 17 लाख से अधिक मरीजों का 3,300 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार संभव हुआ।
Assistant Professor Appointment- राज्य सरकार प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। वर्तमान में पांच कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो और निर्माणाधीन हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी स्थापित किए गए हैं। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही हेली एंबुलेंस, टेलीमेडिसिन सेवाएं और निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित कर रही हैं।
सीएम ने बताया कि 356 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया भी चालू है, साथ ही 1,248 नर्सिंग अधिकारियों और 170 तकनीशियनों को नियुक्त किया जा चुका है। चयन प्रक्रियाएँ अब पूरी तरह मेरिट आधारित हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को लाभ मिल रहा है। प्रदेश में अब तक करीब 27,000 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
Assistant Professor Appointment- कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब 62 प्रतिशत फैकल्टी स्थायी हैं। पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण 70 प्रतिशत पूरा हो गया है और अगले सत्र से दोनों कॉलेज संचालन में आएंगे। राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में वर्तमान में 625 एमबीबीएस और 256 पीजी छात्र अध्ययन कर रहे हैं। नर्सिंग शिक्षा में 14,000 छात्र हर साल प्रशिक्षण ले रहे हैं। हाल ही में नियुक्त 3,000 नर्सिंग स्टाफ में सभी 100 प्रतिशत राज्य के निवासी हैं। राज्य में 32 लाख लोगों की निःशुल्क जांच हुई और 350 मरीजों को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से उच्च केंद्र में रेफर किया गया।


Leave a Reply