Dengue Control- मानसून से पहले डेंगू पर बड़ा वार, डेंगू मुक्त देहरादून की तैयारी

Dengue Control- मानसून की दस्तक से पहले ही देहरादून नगर निगम ने डेंगू के खिलाफ बड़ी तैयारी शुरू कर दी है, शहर में डेंगू संक्रमण को फैलने से रोकने और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने विशेष लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का शुभारंभ किया है, अभियान के तहत पहले चरण में 15 विशेष टैंकरों को शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में रवाना किया गया, जो मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने का कार्य करेंगे।

बुधवार को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय (IAS) ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की, अधिकारियों ने बताया कि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे शहर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार लार्वीसाइडल टैंकर जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक परिसरों और अन्य संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर नियमित छिड़काव करेंगे, उद्देश्य यह है कि मच्छरों के लार्वा को शुरुआती अवस्था में ही समाप्त कर डेंगू संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सके।

Dengue Control- छिड़काव के साथ जनजागरूकता भी

Dengue Control

अभियान केवल छिड़काव तक सीमित नहीं रहेगा, इसके साथ जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किए जाएंगे, नगर निगम का लक्ष्य डेंगू के खिलाफ निवारक उपायों को वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए प्रशासन और आम जनता दोनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है, उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सभी वार्डों में समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से संचालित किया जाए, उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Dengue Control- शहरवासियों से अपील

Dengue Control- नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें तथा डेंगू रोकथाम अभियान में सहयोग करें, निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी शहरभर में डेंगू नियंत्रण और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

कार्यक्रम में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *