Char Dham Yatra- सतपाल महाराज ने दावा किया है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बना सकती है। यात्रा को लेकर देशभर में उत्साह बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण करा रहे हैं। यात्रा मार्गों पर स्थित जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) के विश्राम गृहों में अब तक करीब नौ करोड़ रुपये की बुकिंग दर्ज की जा चुकी है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीएमवीएन के विश्राम गृहों के लिए 16 फरवरी 2026 से ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई थी। अब तक लगभग 9.9 लाख बुकिंग हो चुकी हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। वहीं, चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से 30 लाख से अधिक पंजीकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से नौ लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन भी कर चुके हैं।
Char Dham Yatra- यात्रा पंजीकरण के लिए श्रद्धालु registrationandtouristcare.uk.gov.in पोर्टल या TouristCare UK मोबाइल एप का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है।

सरकार ने यात्रा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित जांच प्रणाली लागू की है। यात्रा मार्ग के चेकपोस्टों पर श्रद्धालुओं के क्यूआर कोड स्कैन किए जाएंगे और बिना पंजीकरण यात्रा करने वालों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Char Dham Yatra- सतपाल महाराज ने 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं से हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से धामों में स्वच्छता बनाए रखने और धार्मिक स्थलों की पवित्रता को बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह भी किया।