CM Dhami on Budget
CM Dhami on Budget- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रारंभ होंगे उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित और सतत विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, यही कारण है कि केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित बताते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय विकास की व्यापक संभावनाएं लेकर आया है।
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत राज्य को करीब 1,800 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी, जिससे विकास योजनाओं को गति मिलेगी।

CM Dhami on Budget- मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पर्वतीय ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे ट्रैकिंग गाइड्स के कौशल विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही बादाम और अखरोट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बजट को भारत की भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बताया।
CM Dhami on Budget- इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।
