Law and Order- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 5 जनवरी तक प्रदेशभर में यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे, लेकिन पर्यटकों और आम जनता को जांच के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने नए साल के अवसर पर पर्यटकों की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Law and Order- मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रमुख पर्यटक स्थलों, अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों और आवागमन वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी जिलों में पार्किंग, मूलभूत सुविधाओं, ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शराब के ठेकों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करने को कहा गया।
देहरादून में सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को सख्ती से हटाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए की संयुक्त टास्क फोर्स बनाकर निरंतर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी सहित सभी आवश्यक इंतजामों की जांच की जाए और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
Law and Order- मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि आने वाले हर पर्यटक की सुरक्षा, सुविधा और आतिथ्य सरकार की प्राथमिकता है।