Ankita Bhandari Case- अंकिता भंडारी हत्याकांड में त्वरित न्याय और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को राजधानी देहरादून में सियासत और आक्रोश दोनों उबाल पर रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान आईएसबीटी से लेकर घंटाघर तक कांग्रेस द्वारा निकाली गई विशाल बाइक रैली के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई और घंटाघर चौक पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। यातायात को सुचारू और नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

Ankita Bhandari Case- आईएसबीटी से घंटाघर तक निकली बाइक रैली
अंकिता भंडारी को इंसाफ दिलाने के लिए निकाली गई इस कांग्रेस बाइक रैली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, कई विधायक और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता न्याय की गुहार लगाते नजर आए। मुख्य मार्ग से गुजरने वाली इस रैली के अलावा शिमला बाईपास चौक से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का एक ही स्वर था कि हत्याकांड के असली दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Ankita Bhandari Case- गांधी पार्क के सामने सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन
कांग्रेस के राजनीतिक प्रदर्शन के साथ-साथ शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी गांधी पार्क के सामने एकत्र होकर हुंकार भरी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन से अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

Ankita Bhandari Case- प्रदर्शन के उपरांत सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से सौंपा। पूरे दिन चले इन प्रदर्शनों और रैलियों के दौरान हर तरफ सिर्फ एक ही मांग गूंजती रही “अंकिता भंडारी को न्याय दो।”
यह भी पढ़ें…
