Hemkund Sahib Yatra
Hemkund Sahib Yatra- सिखों के प्रसिद्ध और पवित्र उच्च हिमालयी तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की इस वर्ष की वार्षिक यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। आगामी 10 अक्तूबर को पूर्ण विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की तारीख करीब आते ही धाम में मत्था टेकने और गुरु दरबार का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सेवा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 10 अक्तूबर को गुरुद्वारा परिसर में इस वर्ष की अंतिम अरदास आयोजित की जाएगी। इसके बाद पंच प्यारों की अगुवाई में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब जी को दरबार साहिब से सुखआसन साहिब में विराजमान किया जाएगा और दोपहर बाद कपाट शीतकाल के लिए औपचारिक रूप से बंद कर दिए जाएंगे। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से कपाट बंद करने के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 
Hemkund Sahib Yatra- श्रद्धालुओं की संख्या ने तोड़े रिकॉर्ड
Hemkund Sahib Yatra- प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि इस यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं के उत्साह ने पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। अब तक 3 लाख 58 हजार से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचकर मत्था टेक चुके हैं। बीते वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं के भक्तिभाव में कोई कमी नहीं आई है। गोविंदघाट और घांघरिया से लेकर हेमकुंड साहिब तक के पैदल मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में तीर्थयात्री ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों के साथ धाम पहुंच रहे हैं। यह भी पढ़ें…
