Senior Citizens Day 2026- राजधानी देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज निर्माण और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए उनके लिए ‘निःशुल्क सिविल सेवा कोचिंग योजना’ का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही, प्रदेश के पेंशनधारकों के बैंक खातों में सितंबर माह की पेंशन के रूप में ₹147.34 करोड़ से अधिक की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों की अनमोल धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभवों से नई पीढ़ी को निरंतर सही दिशा और मार्गदर्शन मिलता है। बुजुर्गों के सम्मान, सुगम जीवन और सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी समाज के साथ-साथ राज्य सरकार की भी प्राथमिकता है।

Senior Citizens Day 2026- 9.90 लाख बुजुर्गों को मिल रहा पेंशन लाभ
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में उत्तराखंड के 9.90 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने पेंशन व्यवस्था को अधिक मानवीय बनाते हुए पति-पत्नी दोनों को पेंशन का लाभ देने का ऐतिहासिक निर्णय लागू किया है। इसके अतिरिक्त, बुजुर्गों के अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए ‘भरण-पोषण अधिनियम’ को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है तथा निःशुल्क धार्मिक यात्रा के लिए ‘दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना’ का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।
Senior Citizens Day 2026- इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, स्थानीय विधायक सविता हरबंस कपूर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें…
