Rahul Gandhi Uttarakhand
Rahul Gandhi Uttarakhand- उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार की अग्निवीर भर्ती योजना सहित प्रदेश के कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को इसी सियासी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित रैली और पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, पार्टी ने विशेष रूप से पूर्व सैनिकों और युवाओं को साधने पर जोर दिया है, जिनका उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा प्रभाव माना जाता है।
चार जून को पौड़ी में होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान अग्निपथ योजना, वन रैंक वन पेंशन (OROP) और पूर्व सैनिकों की पेंशन पर आयकर लगाए जाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, कांग्रेस का कहना है कि ये विषय पूर्व सैनिक समुदाय के लिए लंबे समय से चिंता का कारण बने हुए हैं।

कांग्रेस पार्टी की रणनीति इन मुद्दों के जरिए युवाओं और पूर्व सैनिकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की है। पार्टी नेताओं का मानना है कि अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं में असंतोष है, जिसे वह राजनीतिक रूप से प्रमुख मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा पूर्व सैनिकों के बीच संवेदनशील और महत्वपूर्ण बना हुआ है।
राहुल गांधी इस दौरे में इन नीतियों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा सकते हैं और युवाओं व पूर्व सैनिकों से संवाद के माध्यम से उनकी चिंताओं को सामने रखेंगे। इससे पहले कांग्रेस का पूर्व सैनिक विभाग प्रदेश में रथ यात्रा निकालकर इन मुद्दों को जनता तक पहुंचा चुका है।
Rahul Gandhi Uttarakhand- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अग्निवीर भर्ती योजना उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं का सेना में योगदान ऐतिहासिक रहा है, लेकिन नई भर्ती व्यवस्था से उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ी है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जा रही है और राहुल गांधी का यह दौरा इसी अभियान को और मजबूती देगा।
यह भी पढ़ें…
