Republic Day in Uttarakhand- बर्फीले केदारनाथ से देहरादून तक, उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस की धूम

Republic Day in Uttarakhand- उत्तराखंड में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। केदारनाथ धाम की बर्फीली चोटियों से लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण, राजधानी देहरादून और धर्मनगरी हरिद्वार तक प्रदेशभर में राष्ट्रीय पर्व की भव्य झलक देखने को मिली। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद लोगों का उत्साह और देशप्रेम चरम पर रहा।

Republic Day in Uttarakhand- केदारनाथ धाम में तिरंगा

कड़ाके की ठंड और लगातार बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम में पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया और मातृभूमि को सलाम किया। वर्तमान में केदारनाथ धाम में कुल 40 लोग मौजूद हैं, जिनमें से 30 आईटीबीपी और पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। मौसम में गिरावट के चलते तापमान शून्य से नीचे चला गया है, लेकिन जवानों का हौसला अडिग बना हुआ है।

Republic Day in Uttarakhand- राज्यपाल ने फहराया ध्वज

राजधानी देहरादून में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों, लोकसंस्कृति और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

देहरादून एयरपोर्ट पर भी 77वां गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। एयरपोर्ट पर विभिन्न विभागों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सीआईएसएफ के डॉग स्क्वायड ने सुरक्षा से जुड़े कई रोमांचक और महत्वपूर्ण करतब दिखाए।
डॉग स्क्वायड ने यात्रियों के सामान में छुपाए गए विस्फोटक को खोजने, आपात चिकित्सा स्थिति में सीआईएसएफ टीम को मेडिकल किट उपलब्ध कराने, फायर हूप जंप सहित कई अभ्यासों का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।

Republic Day in Uttarakhand- पूरे प्रदेश में देशभक्ति का माहौल

हरिद्वार, गैरसैंण सहित प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। देशभक्ति गीतों, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गणतंत्र दिवस को उल्लासपूर्वक मनाया गया।

Republic Day in Uttarakhand- 77वें गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंडवासियों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कठिन मौसम और परिस्थितियों के बावजूद देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा सर्वोपरि रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *