Dharali Uttarkashi
Uttarakhand on Alert- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग द्वारा उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में आगामी दिनों के लिए जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं जिला प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, राहत एवं बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर संचालित करने तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को शासन और जिला अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेश की आपदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते राज्य को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, और आने वाले कुछ दिन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय करने को कहा गया है।
Uttarakhand on Alert- मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से हर स्थिति पर 24×7 नजर रखी जाए, मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आपदा के कारण बेघर हो गए हैं, उनके पुनर्वास के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। दोनों मंडलायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि पुनर्वास कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जाए और मैदानी जिलों में पुनर्वास के विकल्पों पर भी काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपदा पीड़ितों की तकलीफ को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
Uttarakhand on Alert- सामरिक दृष्टि से अहम पुल के लिए बैली ब्रिज बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तमक नाले में बह चुके पुल की स्थिति पर बीआरओ अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिए कि वहां शीघ्र बैली ब्रिज बनाकर यातायात बहाल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार बीआरओ को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी, गंगोत्री हाईवे को यात्रा शुरू होने से पहले पूरी तरह सुरक्षित और यात्री अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश समाप्त होते ही सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पहले से पूरी करने को कहा ताकि कार्य में कोई विलंब न हो।
Uttarakhand on Alert- हर्षिल और स्यानाचट्टी की झीलों पर 24×7 निगरानी
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के हर्षिल और स्यानाचट्टी में बनी झीलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्यानाचट्टी झील के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं, मुख्यमंत्री ने पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बह रही नदियों के जलस्तर पर दिन-रात निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्थान पर खतरे की आशंका हो तो तत्काल स्थानीय जनता को सतर्क किया जाए और सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं।
