Mostamanu Mahotsav- मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से मोस्टामानू महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पिथौरागढ़ जनपद में 62 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और पर्यटन से संबंधित प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मोस्टामानू मेला उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और ग्रामीण जीवनशैली की झलक पेश करता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि कृषि, पशुपालन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम भी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी तक परंपराएं पहुंचाने का प्रभावी जरिया बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए हो रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ और गंगोलीहाट स्थित हाट कालिका मंदिर के लिए 6 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। वहीं, बजेटी स्थित प्रमुख मंदिरों के पास 43 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
Mostamanu Mahotsav- मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का निर्माण 750 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके अलावा, 21 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 25 करोड़ रुपये की लागत से अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशन और रोडवेज वर्कशॉप बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में 327 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनाई जा रही हैं।
परिवहन सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा से जोड़ा जा चुका है, और 450 करोड़ रुपये की लागत से नैनीसैनी एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मेले में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर बल देते हुए “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, महिला समूहों और किसानों द्वारा बनाए गए उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं, जिनमें शामिल हैं:
- ग्रामसभा देवत पुरचौड़ा (विकासखंड बिण) में भूस्खलन रोकथाम हेतु ट्रीटमेंट कार्य
- नैनीसैनी-देवत पुरचौड़ा-कुम्डार से कनारी मोटर मार्ग पर सुरक्षात्मक कार्य
- चंडाक में ईको पार्क और स्मृति वन का निर्माण
- मोस्टामानू मंदिर का सौंदर्यीकरण
- घण्टाकर्ण से चंडाक तक सड़क की डबल कटिंग
- हलपाटी से मोस्टामानू तक नई सड़क का निर्माण
- नैनीसैनी एयरपोर्ट के पास सिटी गार्डन की स्थापना
Mostamanu Mahotsav- कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, डीएफओ आशुतोष सिंह, मेला समिति अध्यक्ष वीरेंद्र बोरा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
