Uttarakhand Paper Leak Scam- उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के पेपर लीक का गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को सचिवालय कूच किया। संघ का कहना है कि परीक्षा शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही पेपर लीक हो गया, जिससे भर्ती प्रक्रिया की शुचिता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि 11:35 बजे हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से पेपर का सेट बाहर आया। जब लीक हुए प्रश्न पत्र की तुलना अभ्यर्थियों को दिए गए पेपर से की गई तो कई सवाल एक जैसे पाए गए। इससे परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह भंग होना साबित होता है।
युवाओं का कहना है कि पहले ही प्रदेश आपदा से जूझ रहा है, ऐसे में संघ ने 21 सितंबर को प्रस्तावित परीक्षा को स्थगित करने की मांग सरकार और आयोग से की थी। इस संबंध में संघ के पदाधिकारी मुख्यमंत्री और आयोग अध्यक्ष से भी मिले थे, लेकिन उनकी मांगों को अनसुना कर दिया गया।
Uttarakhand Paper Leak Scam- सोमवार को प्रदेशभर से हजारों युवा परेड ग्राउंड, देहरादून में जुटे और वहीं से सचिवालय कूच की रणनीति बनाई। गुस्साए बेरोजगारों ने सड़कों पर जाम लगाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ ने मांग की है कि पूरा मामला सीबीआई जांच को सौंपा जाए, ताकि दोषियों की सच्चाई सामने आ सके।