Uttarakhand Congress- चौपालों के जरिए ग्रामीणों तक पहुंचेगी योजना की जानकारी

Uttarakhand Congress- उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान को तेज करने के उद्देश्य से पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

समिति के संयोजक के रूप में विधायक विक्रम सिंह नेगी और अन्य सदस्यों के रूप में विधायक मनोज तिवारी, वीरेंद्र जाति, आदेश चौहान और डीडी कुनियाल को नियुक्त किया गया है। गणेश गोदियाल ने कहा कि समिति की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने जिलों में पंचायत स्तर पर चौपालों का आयोजन करें और ग्रामीणों को मनरेगा में किए गए बदलावों और खामियों से अवगत कराएं।

गणेश गोदियाल ने बताया कि यूपीए सरकार के समय मनरेगा योजना रोजगार की गारंटी देती थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा किए गए बदलावों के बाद यह योजना अब 60 दिन रोजगार न देने की गारंटी बनकर रह गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले इस योजना का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करती थी, लेकिन अब इसका बोझ राज्य सरकार पर डाला जा रहा है, ताकि इसे धीरे-धीरे समाप्त किया जा सके।

Uttarakhand Congress- उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंचायतों के माध्यम से गांवों को यह शक्ति दी थी कि वे अपने विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें, लेकिन अब निर्णय दिल्ली से तय किए जाने लगे हैं, जैसे कि कहां सड़क बनेगी और कहां तालाब बनाए जाएंगे। इस दिशा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा एक पत्र भी जारी किया गया है, जिसे चौपालों में पढ़ा जाएगा और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए वितरित किया जाएगा।

समिति के तहत प्रत्येक ब्लॉक और पंचायत में आयोजित चौपालों की रिपोर्ट पीसीसी के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मनरेगा संग्राम कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी। इसी कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रतापनगर विधानसभा से विधायक विक्रम सिंह नेगी ने टिहरी जिले के 20 गांवों में चौपालों का आयोजन किया। इस दौरान चार गांवों के प्रधानों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।

Uttarakhand Congress- गणेश गोदियाल ने कहा कि संयोजक और सभी सदस्य चौपालों के माध्यम से इस अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने में पूरी भूमिका निभाएंगे और ग्रामीणों को मनरेगा के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *