Operation Prahar- देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रदेशभर में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाने का ऐलान किया है, पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” चलाने के निर्देश दिए और सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सक्रियता दिखाने को कहा।
सीएम ने कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। इसी क्रम में देहरादून में पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए और निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर निगरानी बढ़ाई जाए। प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने, रोड रेज, फायरिंग और देर रात की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।

Operation Prahar- आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल को अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए। आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह को सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
सीएम ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने और बैरियर्स पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रातःकालीन समय में पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
Operation Prahar- सत्यापन अभियान के तहत पीजी और किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।