Kedarnath Dham News- चारधाम यात्रा के शुभारंभ के बीच उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केदारनाथ धाम से एक अहम प्रशासनिक निर्णय सामने आया है, आगामी 22 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले मंदिर समिति ने धाम की पवित्रता और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है, केदारनाथ धाम में अब मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बदरी-केदार मंदिर समिति के अनुसार अब कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा, साथ ही परिसर में फोटो खींचना, वीडियो बनाना और सोशल मीडिया के लिए रील बनाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, समिति ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की गई है।
समिति सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर से लगभग 80 मीटर दूरी पर एक निर्धारित क्षेत्र बनाया गया है, जहां पर ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की अनुमति होगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग पूरी तरह वर्जित रहेगी।
Kedarnath Dham News- श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष एक नई व्यवस्था भी शुरू की गई है, जिसके तहत मंदिर के पास ही लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रख सकेंगे, ताकि वे बिना किसी चिंता के दर्शन कर सकें।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय धार्मिक अनुशासन और आध्यात्मिक माहौल को बनाए रखने के लिए लिया गया है। हाल के वर्षों में भीड़ के दौरान मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और सोशल मीडिया गतिविधियों से उत्पन्न अव्यवस्था को देखते हुए यह कदम आवश्यक माना गया है।
इससे श्रद्धालुओं को अधिक शांत, व्यवस्थित और आध्यात्मिक वातावरण में भगवान केदारनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने देश-विदेश से आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे मंदिर की गरिमा और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करें।
Kedarnath Dham News- इसी बीच चारधाम यात्रा भी पूरे जोर पर है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोल दिए गए थे, जहां पहले दो दिनों में ही 19 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अब 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे, जिसके साथ यात्रा और अधिक व्यापक रूप ले लेगी।