Jaunsar Bawar Wedding- उत्तराखंड के जनजातीय इलाके जौनसार बावर से एक बेहद खास और अनोखी खबर सामने आई है, देहरादून जिले के खारसी गांव में 29 अप्रैल को ऐसा ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के लिए चर्चा का विषय बन गया है, एक ही संयुक्त परिवार के पांच भाइयों और एक बहन की शादी एक साथ तय की गई है, जिससे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
इस अनूठे आयोजन के तहत पांच बहुएं एक ही दिन अपने ससुराल आएंगी जबकि परिवार की बेटी की विदाई भी उसी दिन होगी। संयुक्त परिवार के मुखिया दौलत सिंह चौहान और उनके भाई मोहन सिंह चौहान ने पारंपरिक मूल्यों को कायम रखते हुए यह सामूहिक निर्णय लिया है, 28 से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस भव्य विवाह समारोह में सभी रस्में एक साथ संपन्न होंगी।
Jaunsar Bawar Wedding- यह आयोजन सिर्फ एक शादी नहीं बल्कि संयुक्त परिवार की एकजुटता, सामाजिक समरसता और सादगी का प्रतीक माना जा रहा है, एक साथ शादियां कराने से अनावश्यक खर्चों में कमी आएगी और सामूहिक आयोजन की परंपरा को भी बढ़ावा मिलेगा।

जौनसार बावर अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति, अनूठे रीति-रिवाजों और मजबूत पारिवारिक व्यवस्था के लिए जाना जाता है, यहां आज भी लोग एक ही छत के नीचे मिलकर सुख-दुख साझा करते हैं और परंपराओं को जीवित रखते हैं।
विवाह समारोह में स्थानीय वाद्ययंत्रों की गूंज, पारंपरिक लोकनृत्य, रंगीन परिधान और विशेष पकवान इस आयोजन को और भी भव्य बनाएंगे, महिलाओं के लिए विशेष ‘रइणी भोज’ का आयोजन किया जाएगा जबकि मेहमानों को पारंपरिक व्यंजनों से स्वागत किया जाएगा, मामा और जोजोड़ियों (बरातियों) के सम्मान की परंपरा भी पूरे रीति-रिवाज के साथ निभाई जाएगी।
Jaunsar Bawar Wedding- यह आयोजन न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को उजागर करता है, बल्कि आधुनिक समय में भी संयुक्त परिवार की मजबूती और परंपराओं के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है।