Dehradun Terror Plot- देहरादून में बड़ी साजिश नाकाम, आईएमए, पीएचक्यू थे निशाने पर

Dehradun Terror Plot- देहरादून में एक संदिग्ध आतंकी साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है, झाझरा क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी विक्रांत से पूछताछ में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो शहर के कई संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाने की साजिश की ओर इशारा करते हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे शख्स शहजाद भट्टी के संपर्क में आया था, बताया जा रहा है कि वह सिद्धू मूसेवाला का कट्टर प्रशंसक था और उनकी हत्या से बेहद आक्रोशित था, इसी भावना का फायदा उठाकर उसे भड़काया गया और धीरे-धीरे उसे अलग-अलग टास्क दिए जाने लगे।

Dehradun Terror Plot- शुरुआत में आरोपी को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की वीडियो बनाकर भेजने को कहा गया, उसने पुलिस थानों और प्रमुख स्थानों की रेकी कर उनकी फुटेज पाकिस्तान भेजी, जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने झाझरा पुलिस चौकी की लोकेशन और वीडियो भी साझा की थी।

बाद में उसे और संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए, जिनमें इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए), आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) शामिल हैं। आरोपी ने इनमें से कुछ जगहों के फोटो और वीडियो भी पाकिस्तान भेजे थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसे इन स्थानों पर बम धमाका करने के निर्देश दिए गए थे। उसे बताया गया था कि बम, हथियार और पैसे “गुर्जर” नाम का व्यक्ति उपलब्ध कराएगा। हालांकि, किसी बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Dehradun Terror Plot- आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (टीटीएच)” के नाम से दहशत फैलाने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके तहत उसने सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा क्षेत्र में दीवारों पर स्प्रे पेंट से टीटीएच लिखकर उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले कई महीनों से शहर में विभिन्न स्थानों की रेकी कर रहा था और सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन तक साझा कर चुका था। पुलिस के अनुसार, वह 2024 और 2025 में पंजाब के नाभा में रह चुका है, जहां वह ट्रकों की बॉडी बनाने का काम करता था।

Dehradun Terror Plot- इस पूरे मामले के सामने आने के बाद देहरादून और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपी से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *