Central School New Tehri- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय, नई टिहरी की सत्र 2025-26 हेतु विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रथम बैठक तथा विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की मासिक बैठक जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में डीएम ने विद्यालय के नव निर्माणाधीन भवन की प्रगति की जानकारी ली। निर्माण एजेंसी एनपीसीसी के प्रतिनिधि ने बताया कि भवन का लगभग 75% कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य दिसंबर 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
Central School New Tehri- प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र थपलियाल ने जानकारी दी कि भवन निर्माण की लगातार निगरानी विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि –
- विद्यालय एप्रोच रोड हेतु लोनिवि ने 49 लाख का प्राक्कलन तैयार किया है।
- पेयजल लाइन हटाने के लिए जल संस्थान ने 23 लाख का प्राक्कलन बनाया है।
- विद्युत लाइन स्थानांतरण एवं परिसर में कुछ पेड़ों को काटने की कार्रवाई की जा रही है।
- भवन के समीप पुनर्वास दीवार के लिए सुरक्षात्मक कार्य की आवश्यकता है।
डीएम ने निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देते हुए जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोनिवि को एप्रोच रोड प्राक्कलन प्रस्तुत करने तथा जल संस्थान को साइट विजिट कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। साथ ही कहा कि जहां संभव हो, पेड़ों को बचाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नए भवन में विद्यालय शिफ्ट होने के बाद पुराने भवन के सर्वोत्तम उपयोग को लेकर प्लान बनाकर अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 760 की क्षमता के विरुद्ध 695 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में मरम्मत कार्य, कंप्यूटर, फर्नीचर, लाइब्रेरी और खेल सुविधाओं के लिए 21 लाख का प्रस्ताव भी रखा गया।
डीएम ने छात्र संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।
Central School New Tehri- बैठक में सीएमओ डॉ. श्याम विजय, अधिशासी अभियंता लोनिवि योगेश कुमार, हेमलता भट्ट सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें…