Bear Attack Uttarkashi- उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड के ओंगी गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की महिला विनीता राणा (37 वर्ष) पत्नी सतेंद्र राणा पर जंगल में घास लेते समय भालू ने हमला कर दिया। भालू से बचने के लिए भागती विनीता संतुलन खो बैठीं और पहाड़ी से गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को गांव लाकर राजस्व उपनिरीक्षक व वन विभाग को घटना की जानकारी दी। सोमवार को विनीता का अंतिम संस्कार उनके पैतृक घाट पर किया गया।
ग्राम प्रधान सतीश रावत ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, भालू अक्सर घरों के नजदीक तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने करीब 15–20 दिन पहले ही डीएफओ को लिखित रूप से शिकायत की थी कि गश्त बढ़ाई जाए और भालू को पकड़ा जाए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
Bear Attack Uttarkashi- घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंज अधिकारी बाड़ाहाट, मुकेश रतूड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत भालू के हमले से बचने के दौरान गिरने से हुई या सीधे हमले से। विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और भालू को भगाने के लिए पटाखे जलाने जैसी कार्रवाई लगातार की जा रही है।