Badrinath Kapaat Open- उत्तराखंड के चारधामों में शामिल बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, कपाट खुलने की तिथि और शुभ मुहूर्त की घोषणा परंपरानुसार वसंत पंचमी के अवसर पर नरेंद्र नगर स्थित टिहरी राज दरबार में की गई, इस दौरान राज पुरोहित ने पंचांग गणना के आधार पर विधिवत रूप से कपाट उद्घाटन की तिथि घोषित की।
इसी क्रम में चमोली जनपद स्थित चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट भी इस वर्ष 18 मई को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। रुद्रनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में पंचांग गणना के पश्चात की गई।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट हर वर्ष अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर खोले जाते हैं, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि के दिन पंचांग गणना के आधार पर घोषित की जाएगी।
Badrinath Kapaat Open- चारधाम यात्रा को लेकर तिथियों की घोषणा के साथ ही अब यात्रा तैयारियों में भी तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन, मंदिर समितियां और संबंधित विभाग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटने लगे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराए जा सकें।