Ankita Bhandari Case- दिल्ली तक पहुंचा उत्तराखंड का राजनीतिक भूचाल

Ankita Bhandari Case- उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के वायरल वीडियो ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। वीडियो में उर्मिला अंकिता भंडारी हत्याकांड की नई परतें उजागर करने का दावा कर रही हैं और वीआईपी नामों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगा रही हैं।

इस वायरल वीडियो से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता असहज हैं। महिला की ओर से लगातार सोशल मीडिया पर लाइव जाकर लगाए जा रहे आरोप, टेलीफोन पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड और तस्वीरों के कारण पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। प्रदेशभर के लोग सोशल मीडिया पर इन वीडियो में दिए जा रहे तथ्यों पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Ankita Bhandari Case- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पहले ही कांग्रेस को दोषी ठहराया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने मीडिया के सामने कानूनी कार्रवाई की बात कही।

वहीं, कांग्रेस और यूकेडी नेताओं ने इस मामले को गंभीर मानते हुए सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है। दिल्ली तक इस सियासी भूचाल का असर दिखाई दे रहा है। भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट ली है और लगातार मामले पर नजर बनाए हुए है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड के सभी पहलुओं और न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा के साथ-साथ पार्टी नेताओं के रुख पर भी नजर रखी जा रही है। संगठन के वरिष्ठ नेता मीडिया से सीधे बात करने में संकोच कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश प्रवक्ता और राजपुर विधायक खजान दास ने पार्टी का पक्ष रखते हुए स्थिति स्पष्ट की।

Ankita Bhandari Case- भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व इस पूरे प्रकरण को सियासी नफा-नुकसान की दृष्टि से भी देख रहा है। नौ साल से सत्ता में काबिज पार्टी के सामने 2027 चुनाव में जीत की चुनौती है, इसलिए नेता सावधानी के साथ ही मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मीडिया में बेवजह की बयानबाजी से बचने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *