Bharat Darshan Yatra- उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा-2025 के हाईस्कूल टॉपर 240 छात्र-छात्रियों का दल सोमवार को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एससीईआरटी ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर सभी टीमों को विदा किया। ये छात्र देशभर के प्रमुख वैज्ञानिक, तकनीकी, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
सीएम धामी ने कहा कि यह भ्रमण छात्रों को किताबों से परे प्रत्यक्ष अनुभव देगा और भारत की प्रगति, विज्ञान तथा तकनीक को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘अनुभव डायरी’ बनाने, राज्य में हुए नवाचारों व उपलब्धियों को दर्ज करने और उत्तराखंड की विशेषताओं को देशभर में साझा करने की अपील की।
सीएम ने बताया कि इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में 156 छात्र शामिल हुए थे, जबकि इस वर्ष संख्या बढ़कर 240 हो गई है। ये छात्र ISRO, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे संस्थानों का दौरा करेंगे।
Bharat Darshan Yatra- धामी ने कहा कि इस यात्रा से छात्रों में टीम वर्क, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी और नीति निर्माता बनकर देश का नेतृत्व करेंगे। लौटने के बाद डायरी के आधार पर हर जिले से दो उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।