Snowfall in Uttarakhand- उत्तराखंड के प्रसिद्ध धामों में मौसम ने करवट बदली है, केदारनाथ धाम में बीती रात से बुधवार सुबह तक लगातार हुई बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपट गया, लगभग आधा फीट तक बर्फ जमने से धाम का तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं चमोली जिले के बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में भी बुधवार शाम को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।
केदारनाथ में लगातार तीन से चार घंटे तक हुई बर्फबारी के कारण पुनर्निर्माण कार्यों पर अस्थायी रोक लगानी पड़ी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि धाम में करीब 400 श्रमिक विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हैं, जिन्हें मौसम की प्रतिकूलता के कारण बुधवार को अपने आवासों में ही रुकना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही सभी कार्यों को पुनः गति दी जाएगी।
वहीं बदरीनाथ धाम में मंगलवार शाम से रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। बुधवार को सुबह मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर बाद फिर बर्फ के फाहे गिरने लगे। धाम के चारों ओर बर्फ की परत जमने से वातावरण मनमोहक हो उठा है। तीर्थयात्री और पर्यटक बर्फबारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं और धाम की खूबसूरती को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
Snowfall in Uttarakhand- मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में शीतलहर की संभावना जताई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।